सुमित गर्ग,
खेरागढ़ (आगरा)। खेरागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मंगलवार शाम को पोलियो सुपरवाइजरों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक दिनभर चले घर-घर पोलियो उन्मूलन अभियान के बाद संपन्न हुई, जिसमें लगभग 3 हजार बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई।
सीएचसी अधीक्षक डॉ आरके सिंह ने बताया कि बैठक में सभी सुपरवाइजरों ने अपने-अपने क्षेत्रों में किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अभियान की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए टीमों के प्रयासों की सराहना की।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने सख्त निर्देश दिए कि जन्म से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे। जिन घरों में बच्चे उपलब्ध नहीं थे, वहां पुनः भ्रमण कर दवा पिलाने के आदेश दिए गए। इसके अतिरिक्त, अधिकारियों ने अभियान की गुणवत्ता, रिपोर्टिंग और निगरानी प्रणाली को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
