जबरन रंग, हुड़दंग और तेज ध्वनि पर सख्ती; नए जुलूस या नियमावली को नहीं दी गई स्वीकृति
आगरा। होली के पावन पर्व पर आगरा पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने जनपदवासियों को शुभकामनाएं देते हुए वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार किसी भी नई नियमावली, नए जुलूस या परंपरा को स्वीकृति नहीं दी गई है। सभी लोग पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही त्योहार मनाएं।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि होली असत्य पर सत्य की विजय का पर्व है और इसे मर्यादा व सम्मान के साथ मनाया जाना चाहिए। किसी भी महिला, बहन या बेटी पर जबरदस्ती रंग डालना दंडनीय अपराध है। यदि ऐसा व्यवहार अपनी बहन-बेटी के साथ हो तो कैसा लगेगा, इसे ध्यान में रखते हुए सभी को आचरण करना चाहिए।उन्होंने बताया कि जनपद में 2900 से अधिक स्थानों पर होलिका दहन होगा। सभी थाना क्षेत्रों को यह वीडियो संदेश भेज दिया गया है और हर स्तर पर निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी विवादित स्थल पर होलिका दहन या जुलूस की अनुमति नहीं दी गई है।
छह जोन, 18 सेक्टर में बंटा शहर; कड़ा पहरा होली के मद्देनजर शहर को छह जोन और 18 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी एसीपी स्तर के अधिकारी को और सेक्टर की जिम्मेदारी थाना प्रभारियों को सौंपी गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में पैरामिलिट्री फोर्स और पीएसी तैनात रहेगी।करीब दो हजार पुलिसकर्मी सड़कों पर गश्त करेंगे। प्रत्येक थाना व चौकी क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी जा रही है। सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी क्षेत्रों में मौजूद रहकर गतिविधियों पर नजर रखेंगे। शराब पीकर बाइक चलाने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
ध्वनि पर सख्ती, सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का पालन अनिवार्य,पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि साउंड सिस्टम की ध्वनि Supreme Court of India की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार ही रखी जाए। अनावश्यक या अत्यधिक ध्वनि पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।आम रास्तों, मुख्य मार्गों या सार्वजनिक आवागमन स्थलों पर साउंड सिस्टम नहीं लगाए जाएं, जिससे राहगीरों को परेशानी हो। गली-मोहल्लों में लोग शांति और संयम से त्योहार मनाएं।
पर्यावरण अनुकूल होलिका दहन की पहल,नगर निगम द्वारा 100 क्विंटल गोकाष्ठ (गोबर से बनी लकड़ी) होलिका दहन के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। इससे टायर, प्लास्टिक और अन्य प्रदूषणकारी सामग्री के जलने से होने वाले प्रदूषण को रोका जा सकेगा।करीब 350 होलिका दहन स्थलों पर विशेष सफाई, पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। होलिका दहन में प्लास्टिक व थर्माकोल के उपयोग पर रोक रहेगी।पुलिस कमिश्नर ने अंत में कहा कि होली उल्लास और भाईचारे का पर्व है। आगरा की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नागरिक शांति, सौहार्द और जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाएं।
