सुमित गर्ग –
आगरा, 10 मई।
मदर्स डे के अवसर पर रविवार शाम यमुना आरती स्थल पर रिवर कनेक्ट कैंपेन द्वारा आयोजित विशेष सेवा, पूजा और आरती कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में सम्पन्न हुआ। शीतल मंद बयार, यमुना नदी का शांत किनारा और आध्यात्मिक माहौल पूरे आयोजन को अलौकिक आभा प्रदान कर रहा था। बड़ी संख्या में जुटे श्रद्धालुओं ने मां यमुना की आराधना कर पूरे उत्साह के साथ मदर्स डे मनाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ यमुना मैय्या के दुग्धाभिषेक, विशेष पूजा और अर्चना से हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और प्रार्थनाओं के बीच श्रद्धालुओं ने मां यमुना का पूजन किया। इसके बाद दीपों और घंटियों की गूंज के बीच भव्य यमुना आरती आयोजित की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
रिवर कनेक्ट कैंपेन के संयोजक बृज खंडेलवाल ने कहा कि यमुना केवल नदी नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक आत्मा और जीवन की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि मां की तरह यमुना सदियों से समाज का पालन-पोषण करती आई हैं, लेकिन आज वही जीवनदायिनी नदी प्रदूषण और उपेक्षा का दर्द झेल रही है। उन्होंने नागरिकों से यमुना संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नदी स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने की आवश्यकता पर भी विचार रखे गए। इसके बाद श्री विशाल झा के निर्देशन में भजन, सामूहिक गायन और कराओके प्रस्तुतियों ने माहौल को और जीवंत बना दिया। पंडित हरि दत्त शर्मा ने मां यमुना के सम्मान में भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
समारोह में राज कुमार माहेश्वरी, डॉ. मुकुल पांड्या, डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य, डॉ. हरेंद्र गुप्ता, डॉ. मुनीश्वर गुप्ता, गोस्वामी नंदन श्रोतरीय, डॉ. ज्योति खंडेलवाल, चतुर्भुज तिवारी, सतीश गुप्ता, दीपक राजपूत, पद्मिनी अय्यर, मीरा खंडेलवाल, मुकेश चौधरी, होतेंद्र सिंह और अमित लवानिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। यह आयोजन श्रद्धा, सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक एकता का सुंदर संगम बनकर सामने आया।
