बढ़ते तापमान को रोकने के लिए वृक्षारोपण बेहद जरूरी: पारिजात संस्था के पर्यावरण दिवस कार्यक्रम में बोले कृष्ण कुमार गोयल
आगरा। पर्यावरण दिवस के शुभ अवसर पर ‘पारिजात’ संस्था द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। संस्था द्वारा बारह खंभा रेलवे फाटक (फाटक संख्या-77) के पास एक नई वाटिका को विकसित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने वाटिका में 11 छायादार एवं फलदार पौधे लगाकर पर्यावरण दिवस मनाया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं रेलवे परामर्शदात्री समिति के सदस्य कृष्ण कुमार गोयल उपस्थित रहे। उन्होंने खुद वृक्षारोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की और पारिजात संस्था के इस पुनीत कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा की। मुख्य अतिथि ने संस्था के महासचिव व संस्थापक डॉ. धीरज मोहन सिंघल का आभार व्यक्त करते हुए संस्था को भविष्य में भी अपना पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि कृष्ण कुमार गोयल ने आगरा की जनता से भावुक अपील करते हुए कहा, “देश और शहर में लगातार बढ़ता तापमान एक गंभीर चिंता का विषय है। इसे रोकने, शुद्ध हवा और पर्याप्त ऑक्सीजन पाने के लिए हमें पेड़ों की महती भूमिका को समझना होगा। मैं आगरा के हर नागरिक से आह्वान करता हूँ कि वे इस वाटिका में अपनी मां के नाम एक पौधा जरूर लगाएं और उसे बड़ा करने का संकल्प लें। अपना योगदान देकर ही हम अपने शहर और देश को हरा-भरा बना सकते हैं।”
इस दौरान पारिजात संस्था के सचिव/संस्थापक और प्रख्यात पर्यावरण चिंतक डॉ. धीरज मोहन सिंघल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और पर्यावरण को बचाने के लिए संस्था के संकल्प को दोहराया। इस मौके पर संस्था के कई गणमान्य लोग और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
