गोली लगने से घायल ठेकेदार अस्पताल में भर्ती, हाईवे पर मची अफरातफरी; पुलिस जांच में जुटी
अग्र भारत संवाददाता, पीतम शर्मा
सिकंदरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। गुरुवार रात अरतौनी स्थित हाईवे पर एक फैक्ट्री ठेकेदार के गले से चैन लूटने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर अपाचे बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे से गोली मार दी। गोली लगने से ठेकेदार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।बदमाश सीसीटीवी में कैद हुए हैं।
जानकारी के अनुसार रुनकता निवासी दिनेश प्रताप अरतौनी स्थित एक जूता फैक्ट्री में ठेकेदारी का कार्य करते हैं। गुरुवार शाम करीब आठ बजे वह फैक्ट्री से बाहर पैसे खुलवाने के लिए निकले थे। इसी दौरान वह पास की एक दुकान पर चाउमीन खा रहे थे। तभी अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और उनमें से एक ने उनके गले से सोने की चैन खींचने का प्रयास किया।दिनेश प्रताप ने बदमाश को पकड़ने की कोशिश की और चैन नहीं खींचने दी। इस पर बदमाशों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध बढ़ने पर दूसरे बदमाश ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली लगते ही दिनेश प्रताप लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों और फैक्ट्री कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए सिकंदरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उधर वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश तमंचा लहराते हुए अपाचे बाइक से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही थाना सिकंदरा पुलिस मौके पर पहुंच गई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सिकंदरा क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, पुलिस गश्त और बेहतर पुलिसिंग पर सवाल उठ रहे हैं,जिससे लोगों में भय का माहौल है। वहीं पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
