खेरागढ़। प्रदेश सरकार के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृहद वृक्षारोपण जन अभियान-2026 के तहत रविवार को ब्लॉक प्रमुख अनिल सिकरवार ने खेरागढ़ क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि हरियाली ही सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की आधारशिला है।
ग्राम सौन में ब्लॉक प्रमुख अनिल सिकरवार ने पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मवीर सिकरवार के साथ पौधारोपण किया। इसके बाद ग्राम भैंसोंन में प्रधान प्रतिनिधि भीकम सिंह के साथ पौधे लगाए और ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया।
इसी क्रम में ग्राम लालपुर में पूर्ति निरीक्षक सुमलिका सक्सेना ने ब्लॉक प्रमुख अनिल सिकरवार के साथ पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई और कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी पूरी जिम्मेदारी से किया जाए।
अभियान के दौरान ब्लॉक प्रमुख के साथ वीडीओ परवेज आलम, एपीओ इमरान अहमद, ग्राम प्रधान सौन दीवान सिंह, बीडीसी अरविन्द, हरिओम, सभी ग्राम पंचायत सचिव तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प लिया।
