सुमित गर्ग ब्यूरो चीफ खेरागढ़,
संवाददाता, खेरागढ़। ब्रजधाम उदासीन आश्रम, पुल वाले हनुमान मंदिर में आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा ज्ञान यज्ञ के पांचवें दिन कथा पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा वाचक आचार्य ऋषि कृष्ण महाराज ने परशुराम संवाद, भगवान श्रीराम-विवाह तथा माता जानकी की विदाई का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए।
आचार्य ऋषि कृष्ण महाराज ने परशुराम संवाद का प्रसंग सुनाते हुए भगवान श्रीराम के विनम्र स्वभाव, धैर्य और मर्यादा का वर्णन किया। इसके बाद भगवान श्रीराम और माता सीता के दिव्य विवाह का प्रसंग सुनाया, जिस पर कथा पंडाल भगवान श्रीराम और माता जानकी के जयघोष से गूंज उठा।
कथा के अंत में माता जानकी की विदाई का अत्यंत मार्मिक प्रसंग सुनाया गया। विदाई का भावपूर्ण वर्णन सुनकर कथा पंडाल में मौजूद कई श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और भावुक हो उठा।
ब्रजधाम उदासीन आश्रम के महंत प्रकाशानंद जी महाराज ने बताया कि श्रीराम कथा ज्ञान यज्ञ प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की। कथा के समापन पर आरती के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
