अछनेरा। फेसबुक पर ‘आज हमारा लास्ट दिन है, यारों गलती हो गई, माफ करना’ लिखकर पोस्ट करने वाले 29 वर्षीय युवक को अछनेरा पुलिस ने समय रहते ट्रैक कर सकुशल बचा लिया। पोस्ट में जहर की शीशी की तस्वीर भी थी। सोशल मीडिया अलर्ट मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और करीब 15 मिनट में युवक के घर पहुंच गई।पुलिस के अनुसार, सोमवार को युवक ने अपने फेसबुक अकाउंट पर उक्त पोस्ट की थी। इसकी सूचना सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस मुख्यालय तक पहुंची। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देश पर अछनेरा पुलिस को तत्काल सूचना दी गई। एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम युवक के घर पहुंची और उससे बातचीत की।युवक ने पुलिस को बताया कि पोस्ट उससे गलती से हो गई थी। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में युवक की काउंसिलिंग की और भविष्य में ऐसी पोस्ट नहीं करने की समझाइश दी। युवक ने भी आगे ऐसी गलती नहीं करने का भरोसा दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने पुलिस की तत्परता और सहयोग के लिए आभार जताया।एसीपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया अलर्ट मिलते ही पुलिस टीम को सक्रिय किया गया था। युवक से बातचीत कर उसे समझाया गया और परिजनों को भी आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
