बुकिंग के बाद मिलेगा गेहूं का अनुदानित बीज, फार्मर आईडी और आधार कार्ड जरूरी
जैथरा (एटा)। रबी की फसल की बुवाई की तैयारी कर रहे किसानों के लिए राहत की खबर है। जैथरा ब्लॉक में किसानों को सरसों का बीज निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि गेहूं का बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर दिया जा रहा है। इससे किसानों को खेती की लागत कम करने में मदद मिलेगी।
जैथरा ब्लॉक के गोदाम प्रभारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि गेहूं के बीज पर अनुदान का लाभ लेने के लिए किसानों को पहले बुकिंग कराना अनिवार्य है। बिना बुकिंग के अनुदानित गेहूं का बीज प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है। उन्होंने किसानों से समय रहते बुकिंग कराने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि बीज प्राप्त करने के लिए किसानों को अपनी फार्मर आईडी और आधार कार्ड साथ लेकर जैथरा ब्लॉक पहुंचना होगा। आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर किसान बीज प्राप्त कर सकते हैं।
गोदाम प्रभारी ने किसानों से सरकारी योजना का लाभ उठाने और रबी की फसलों की बुवाई की तैयारी समय से पूरी करने की अपील की है।
