पैसे नहीं देने पर रजिस्टर में दस्तावेज दर्ज नहीं करने का आरोप, बच्ची का आधार कार्ड भी अटका
अग्र भारत संवाददाता,अछनेरा। ब्लॉक कार्यालय में जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए रजिस्टर में एंट्री करने के नाम पर दो हजार रुपये मांगने का आरोप सामने आया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि रकम नहीं देने पर संबंधित कर्मचारी ने रजिस्टर में दस्तावेज दर्ज नहीं किए। मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।
ग्राम अरदाया निवासी गौरव पुत्र रामनिवास के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को वह अपनी भतीजी गौरी, पुत्री नरेश का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए उप जिलाधिकारी के आदेश के बाद अछनेरा ब्लॉक कार्यालय पहुंचा था। शिकायतकर्ता का कहना है कि एडीओ, वीडीओ और सचिव से आदेश एवं मुहर लगवाने के बाद दस्तावेज रजिस्टर में दर्ज कराकर तहसील ले जाने थे। आरोप है कि संबंधित कर्मचारी महेश ने रजिस्टर में एंट्री करने के बदले दो हजार रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर दस्तावेज दर्ज करने से इनकार कर दिया।गौरव का आरोप है कि दो दिन बाद दस्तावेज लेने पहुंचने पर कर्मचारी ने एक हजार रुपये देने की बात कही। साथ ही चुनौतीपूर्ण लहजे में प्रमाण पत्र बनवाकर दिखाने की बात कही। जन्म प्रमाण पत्र नहीं बनने से बच्ची का आधार कार्ड भी नहीं बन पा रहा है, जिससे परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।शिकायतकर्ता ने आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करने और लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण कराने की मांग की है। इस संबंध में उप जिलाधिकारी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया है।
