बिजली गुल होने पर पहुंचे लाइनमैन को देखकर भागे चार संदिग्ध, डेढ़ महीने में तीन ट्रांसफार्मर चोरी होने की चर्चा
अग्र भारत संवाददाता,पीतम शर्मा ,आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र के रुनकता स्थित सिल्वर ग्रीन कॉलोनी में रविवार रात ट्रांसफार्मर चोरी करने का प्रयास किया गया। बिजली गुल होने पर सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे लाइनमैन को देखकर चार संदिग्ध भाग गए। आरोप है कि बदमाश ट्रांसफार्मर खोलने आए थे, लेकिन ग्रामीणों की सजगता से वारदात टल गई।
रुनकता स्थित सिल्वर ग्रीन कॉलोनी में 400 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। रविवार रात करीब एक बजे चार संदिग्ध ट्रांसफार्मर के पास पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने तारों पर लोहे की वस्तु डालकर फॉल्ट कर दिया, जिससे कॉलोनी की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। एक उपभोक्ता ने सब स्टेशन पर बिजली न आने की सूचना दी। इस पर लाइनमैन रामरतन अपने साथी के साथ मौके पर पहुंचे। वहां चार लोग ट्रांसफार्मर के पास खड़े दिखाई दिए। उनके हाथों में लंबे बांस थे। लाइनमैन को देखकर चारों मौके से भाग गए। बताया गया है कि वे चेन और अन्य सामान भी मौके पर छोड़ गए।रुनकता के अवर अभियंता (जेई) कुलदीप सिंह ने घटना की तहरीर थाना सिकंदरा में दी है। बताया जा रहा है कि रुनकता क्षेत्र में पिछले डेढ़ महीने के दौरान तीन ट्रांसफार्मर चोरी हो चुके हैं। इन घटनाओं का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है।जेई कुलदीप सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित कर ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने अपना सीयूजी नंबर जारी करते हुए कहा कि रात में किसी गांव में ट्रांसफार्मर के पास कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो तत्काल फोन कर सूचना दें।वहीं, रुनकता चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक पवन गुप्ता ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। ट्रांसफार्मर चोरी के प्रयास के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
