अछनेरा पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, 249 किलो तांबा और 40 हजार रुपये बरामद; चार थाना क्षेत्रों की आठ घटनाओं का खुलासा
अग्र भारत संवाददाता अछनेरा। बिजली ट्रांसफार्मरों से तांबा चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का अछनेरा पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने पर्दाफाश किया है। टीम ने घेराबंदी कर राजस्थान नंबर की कार सवार दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी के ट्रांसफार्मरों से निकाला गया 249 किलोग्राम तांबा, 40 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की गई है। पूछताछ में आगरा के चार थाना क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर से तांबा चोरी की आठ घटनाओं का खुलासा हुआ है।पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार की रात संयुक्त टीम ने साधन अंडरपास के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कार संख्या RJ11 GB 6795 को रोका। तलाशी लेने पर कार से 249 किलोग्राम तांबा, 40 हजार रुपये, एक सब्बल और तार काटने वाला कटर बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पवन शर्मा और विशाल अग्रवाल निवासी निहालगंज, धौलपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है।पूछताछ में आरोपितों ने अपने दो अन्य साथियों भोला और नैना उर्फ दीप उर्फ नेहना निवासी धौलपुर के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य रात में सुनसान स्थानों पर लगे विद्युत ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाते थे। उनसे तांबा निकालकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काटते और कबाड़ियों के माध्यम से बेच देते थे। इसके बाद मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे।
अछनेरा में तीन, फतेहपुर सीकरी में दो घटनाएं,पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही और पूछताछ में अछनेरा थाना क्षेत्र के तीन, फतेहपुर सीकरी के दो, मलपुरा के दो और बमरौली कटारा थाना क्षेत्र की एक घटना का खुलासा हुआ है। इन घटनाओं से संबंधित मुकदमों में बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरी की संपत्ति प्राप्त करने से संबंधित धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।थाना क्षेत्रवार बरामद तांबे में अछनेरा से 149 किलोग्राम, फतेहपुर सीकरी से 50 किलोग्राम, मलपुरा से 20 किलोग्राम और बमरौली कटारा से 30 किलोग्राम शामिल है।
पवन पर 35 और विशाल पर नौ मुकदमे,पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार पवन शर्मा के खिलाफ आगरा सहित विभिन्न जनपदों के थानों में चोरी, नकबजनी, अवैध शस्त्र, आबकारी और एनडीपीएस अधिनियम समेत विभिन्न आरोपों में 35 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। वहीं विशाल अग्रवाल के खिलाफ आगरा के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नौ मुकदमे दर्ज हैं। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।संयुक्त कार्रवाई में अछनेरा पुलिस, एसटीएफ आगरा और एसओजी पश्चिमी जोन की टीम शामिल रही। पुलिस फरार साथियों की तलाश कर रही है। गिरोह से जुड़ी अन्य घटनाओं के संबंध में भी जांच की जा रही है।
