आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र के अजम पाड़ा में रविवार दोपहर खाली प्लॉट के कूड़े में आग लग गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर आग बुझाई। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
आगरा। थाना शाहगंज क्षेत्र के शेरवानी मार्ग स्थित अजम पाड़ा में रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक खाली पड़े प्लॉट में जमा कूड़े में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं और इसकी सूचना पूरे इलाके में फैल गई। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
दोपहर करीब एक बजे कूड़े में लगी आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजम पाड़ा के शेरवानी मार्ग पर स्थित एक खाली प्लॉट में रविवार दोपहर करीब 1 बजे अचानक कूड़े में आग लग गई। रविवार का दिन होने के कारण अधिकांश लोग अपने घरों पर मौजूद थे। स्कूलों में भी छुट्टी होने के चलते बच्चे घरों पर ही थे।
प्लॉट से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग लगने की खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई और लोग मौके पर पहुंचने लगे।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर बुझाई आग
घटना की सूचना मिलते ही थाना शाहगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान वंचित समाज इंसाफ पार्टी (VIP) के राष्ट्रीय सचिव एवं एडवोकेट गुल चमन शेरवानी ने भी आग बुझाने में सहयोग किया।
बताया गया कि आग बुझाने के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिसके कारण समरसेबल पंप बंद हो गया और पानी की कमी होने लगी। ऐसी स्थिति में एडवोकेट गुल चमन शेरवानी ने नाली से पानी डालकर आग बुझाने में मदद की।
पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों के सामूहिक प्रयास से आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया।
नाली के पानी से आग बुझाते देख लोग हुए हैरान
आग बुझाने के दौरान जब स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों और एडवोकेट गुल चमन शेरवानी को नाली के पानी का इस्तेमाल करते देखा तो लोग हैरान रह गए। सीमित संसाधनों के बावजूद आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे पुलिसकर्मियों की लोगों ने सराहना की।
स्थानीय लोगों का कहना था कि समय रहते पुलिस और क्षेत्रीय लोगों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
कोई जनहानि नहीं, लोगों ने ली राहत की सांस
खाली प्लॉट में कूड़े में लगी आग के कारण कुछ समय तक इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। हालांकि, पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ और न ही किसी प्रकार की जनहानि हुई।
फिलहाल घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं, खाली प्लॉटों में कूड़ा जमा होने और आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए नियमित सफाई व्यवस्था की जरूरत भी सामने आई है।
