आगरा: आगरा के खेरागढ़ क्षेत्र में उटंगन नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान हुई भीषण त्रासदी ने पूरे इलाके को आक्रोश और शोक में डुबो दिया है। गुरुवार को विसर्जन के दौरान 13 लोग नदी की गहराई में समा गए थे, जिनमें से अब तक केवल पाँच शव बरामद हो पाए हैं। इस भयावह हादसे में सात लोग अब भी लापता हैं, जबकि एक व्यक्ति का उपचार एसएन मेडिकल कॉलेज में जारी है।
लापता लोगों के लिए जनाक्रोश

एनडीआरएफ की टीम रातभर से सघन तलाशी अभियान चला रही थी, लेकिन लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिल सका। रातभर की मशक्कत के बाद शुक्रवार सुबह दो और शव मिले, जिसके बाद बरामद शवों की संख्या पाँच हो गई। हालाँकि, सात लोग अब भी लापता हैं, जिसके कारण स्थानीय लोगों का धैर्य जवाब दे गया।
लापता लोगों का सुराग न मिलने पर शुक्रवार सुबह गुस्साए ग्रामीणों ने ऊंटगिरि व कागारौल चौराहे पर जाम लगा दिया। आक्रोशित भीड़ ने मौके पर पहुंचे एसडीएम की गाड़ी पर पथराव कर दिया, जिससे गाड़ी का शीशा टूट गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को बड़ी मुश्किल से स्थिति को काबू करना पड़ा।
खनन माफिया पर मौतों का आरोप
हादसे से व्यथित ग्रामीणों ने पुलिस और खनन माफिया को मौतों का सीधा जिम्मेदार ठहराया है। उनका गंभीर आरोप है कि नदी में जेसीबी से गहरे गड्ढे खोद दिए गए थे, जिसकी जानकारी न होने के कारण मूर्ति विसर्जन के लिए पानी में उतरे लोग उन गड्ढों में समा गए। ग्रामीणों ने पुलिस पर भी खनन माफिया से मिलीभगत का आरोप लगाया।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार को खेरागढ़ के सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। घटनास्थल पर तड़के पुलिस अपर आयुक्त राम बदन सिंह ने पहुंचकर रेस्क्यू अभियान का जायजा लिया। सांसद राजकुमार चहर भी मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्हें लोगों के नारेबाजी का सामना करना पड़ा।
मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भीषण दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
यमुना में डूबे दो युवकों का भी नहीं मिला सुराग
दूसरी ओर, विगत दिवस ताजगंज थाना क्षेत्र के नगला तलफ़ी के पास यमुना नदी में डूबे करबना के रहने वाले ऋषभ और प्रियांशु का भी शुक्रवार सुबह तक कोई पता नहीं चल पाया है। यमुना में तेज बहाव के कारण उनके दूर बह जाने की आशंका है। इन दोनों युवकों की तलाश के लिए भी सर्च ऑपरेशन जारी है।
