ग्राहकों के विवाद में टोका तो दबंग ने चलाई गोली, उंगली छूते हुए निकली
आगरा। थाना शाहगंज क्षेत्र की सराय ख्वाजा चौकी से कुछ ही दूरी पर शुक्रवार देर रात फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। अर्जुन नगर स्थित ‘चाचा ढाबा’ पर दो ग्राहकों के बीच कहासुनी के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के युवक ने गोली चला दी। गोली ढाबा संचालक के पैर की उंगली को घायल करते हुए निकल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच दो ग्राहक भोजन करते समय किसी बात को लेकर आपस में उलझ गए। विवाद बढ़ता देख ढाबा संचालक ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। इसी पर एक पक्ष के युवक आगबबूला हो गए और काउंटर पर लात मारकर सामान नीचे फेंक दिया। पीड़ित के अनुसार, आरोपितों में से एक युवक ने उसके भाई के सीने पर तमंचा तान दिया। तभी बड़े भाई ने तुरंत हथियार को नीचे किया ओर धक्का दे दिया, जिससे चली गोली पैर की उंगली में लग गई। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। अचानक फायरिंग से मौके पर अफरातफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
गौरव सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त लोहामंडी, ने बताया कि गोली चलाने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
