अछनेरा (अग्र भारत)। विद्युत उपखंड अछनेरा क्षेत्र के ताजपुर नगरिया विद्युत उपकेंद्र से पोषित ब्यारा गांव में जर्जर विद्युत पोल हादसे को न्योता दे रहा है। पोल की हालत इतनी खराब है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद विद्युत विभाग के जिम्मेदार कर्मचारी समस्या की अनदेखी कर रहे हैं।
गांव में महेश प्रधान के घर के पास बताया गया विद्युत पोल पूरी तरह जर्जर अवस्था में है। पोल के ऊपर से बिजली के तार गुजर रहे हैं, जिनमें करंट प्रवाहित होता है। ऐसे में पोल के गिरने या क्षतिग्रस्त होने से जनहानि का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार विद्युत विभाग के स्थानीय अवर अभियंता मुकेश कुमार को मौखिक रूप से समस्या से कई बार अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक पोल को बदलने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभागीय कर्मचारी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जर्जर पोल को तत्काल बदलवाने की मांग की है, ताकि किसी अनहोनी से पहले समस्या का समाधान हो सके।सहायक अभियंता धनवेन्द्र कुमार ने बताया मामला संज्ञान में नहीं है,समस्या को दिखवाकर जल्द समाधान कराया जाएगा।
