अछनेरा (अग्र भारत)। उपखंड क्षेत्र अंतर्गत ताजपुर नगरिया विद्युत उपकेंद्र से पोषित ब्यारा गांव में जर्जर विद्युत पोल से हादसे की आशंका संबंधी खबर दैनिक अग्र भारत में प्रकाशित होने के बाद बिजली विभाग हरकत में आ गया। सहायक अभियंता धनवेंद्र कुमार ने खबर का संज्ञान लेते हुए तत्काल मामले की जांच कराई और मुकेश प्रधान के घर के पास लगे जर्जर विद्युत पोल को बदलवा दिया है।
विद्युत पोल बदले जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर पोल लंबे समय से हादसे को दावत दे रहा था। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों ने कई बार विभागीय अधिकारियों से समस्या के समाधान की मांग की थी। समाचार प्रकाशित होने के बाद विभाग की ओर से त्वरित कार्रवाई किए जाने पर ग्रामीणों ने खुशी जताई। उनका कहना है कि समय रहते पोल बदलने से संभावित हादसा टल गया। साथ ही उन्होंने समस्या का संज्ञान लेकर समाधान कराने वाले अधिकारियों का आभार जताया है।
