झांसी के पूंछ नेशनल हाईवे पर पुलिस ने तड़के मवेशियों से भरा ट्रक पकड़ा। ट्रक में करीब 57 भैंस और पड़वा मिले। चालक समेत पांच लोग गिरफ्तार, जांच जारी।
सुल्तान आब्दी
झांसी जिले के पूंछ कस्बे में नेशनल हाईवे पर पुलिस ने तड़के सुबह कार्रवाई करते हुए मवेशियों से भरा एक ट्रक पकड़ा। ट्रक में करीब 57 भैंस और पड़वा लदे हुए मिले। पुलिस ने ट्रक चालक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस की पड़ताल जारी है।
जानकारी के मुताबिक, तड़के सुबह पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि झांसी की ओर से एक ट्रक में बड़ी संख्या में मवेशियों को ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पूंछ नेशनल हाईवे पर घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक MP 15 ZT 0264 को रोक लिया।
पुलिस के मुताबिक, ट्रक रुकते ही उसमें सवार लोग भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चालक नवी खान निवासी सागर सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद ट्रक से आधा सैकड़ा से अधिक मवेशियों को नीचे उतरवाया गया। ट्रक में करीब 57 भैंस और पड़वा होने की जानकारी सामने आई है।
मौके पर पहुंचे सीओ, आरोपियों से की पूछताछ
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने पकड़े गए लोगों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक दलबीर सिंह, उपनिरीक्षक दिलेंद्र तिवारी सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
पुलिस जांच के बाद सामने आएगी पूरी जानकारी
फिलहाल पुलिस पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर रही है। मवेशियों को कहां से लाया जा रहा था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जानकारी जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी।
