झांसी में अधिवक्ता भानू सहाय समेत छह लोगों ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ नवाबाद थाने में तहरीर देकर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया।
झांसी, उत्तर प्रदेश। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित बयानों को लेकर झांसी में विरोध सामने आया है। एडवोकेट भानू सहाय, एडवोकेट राजेंद्र शर्मा, एडवोकेट अशोक सक्सेना, एडवोकेट प्रदीप नाथ झा, रघुराज शर्मा और उत्कर्ष साहू ने थाना नवाबाद पहुंचकर उनके खिलाफ लिखित तहरीर दी है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम को लेकर तुलनात्मक प्रवचन के दौरान अमर्यादित टिप्पणियां कीं, जिससे हिंदू सनातन धर्म के अनुयायियों की भावनाएं आहत हुई हैं।
मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग
तहरीर देने वाले लोगों का कहना है कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ओर से पूर्व में भी हिंदू और सनातन धर्म से जुड़े विषयों पर कथित रूप से अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जाता रहा है। शिकायतकर्ताओं ने अपने प्रार्थना पत्र में भगवान राम के पांच पिता, बिना मांग भरी महिला को खाली प्लॉट और करवाचौथ को लेकर कथित टिप्पणियों का भी उल्लेख किया है।
शिकायतकर्ताओं ने थाना नवाबाद के थानाध्यक्ष से मांग की है कि मामले की जांच कर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
तहरीर सौंपने के बाद सभी शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेने और उचित कार्रवाई करने की मांग की। फिलहाल पुलिस की ओर से तहरीर पर की गई कार्रवाई और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का पक्ष सामने आने की जानकारी उपलब्ध नहीं है।
