Jhansi Bus Theft News: झांसी के मऊरानीपुर में बस से सोने के जेवर व नकदी चोरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता। महाराष्ट्र से एक आरोपी गिरफ्तार, 17 लाख रुपये बैंक खातों में कराए फ्रीज।
Jhansi Bus Theft Case: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले की मऊरानीपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में 28 अक्टूबर को बस में हुई लाखों रुपये के सोने के आभूषण और नकदी की हाई-प्रोफाइल चोरी की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने अंतरराज्यीय नेटवर्क का सुराग लगाते हुए महाराष्ट्र से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
बस यात्री के 2 बैग उड़ाकर स्कॉर्पियो से हुए थे फरार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 28 अक्टूबर को मऊरानीपुर क्षेत्र में बस से यात्रा कर रहे पीड़ित (वादी) के 02 बैग अज्ञात चोरों ने पार कर दिए थे। इन बैगों में कीमती सोने के आभूषण और भारी मात्रा में नकदी रखी हुई थी। घटना को अंजाम देने के बाद अभियुक्त अपने साथियों के साथ मौके पर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी से फरार हो गए थे।
SSP ने गठित की थीं 8 टीमें, CCTV फुटेज से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) झांसी, विकास कुमार ने घटना के जल्द अनावरण के लिए 08 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया था।
गठित पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगाला। सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों को संकलित करते हुए पुलिस टीम ने आरोपियों का लोकेशन ट्रेस किया और महाराष्ट्र में दबिश देकर घटना में संलिप्त एक मुख्य अभियुक्त को धर दबोचा।
17 लाख रुपये बैंक खातों में कराए फ्रीज, नकदी व पासबुक बरामद
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्त के कब्जे से निम्नलिखित बरामदगी की गई है:
-
नकद राशि: ₹1,40,000/- नकद
-
मोबाइल व दस्तावेज: 02 मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड और महाराष्ट्र ग्रामीण बैंक की पासबुक
-
ट्रांजेक्शन रसीदें: बैंक में जमा कराई गई धनराशि की रसीदें
बड़ी कार्रवाई: अभियुक्त द्वारा चोरी की रकम को अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न बैंक खातों में जमा चोरी की कुल 17,06,000/- रुपये (17 लाख 6 हजार) की धनराशि को फ्रीज करवा दिया है।
झांसी पुलिस द्वारा मामले में गिरफ्तार अभियुक्त के अन्य साथियों की तलाश और अग्रिम कानूनी (विधिक) कार्रवाई की जा रही है।
