झांसी में पार्षद सुनील नैनवानी के नेतृत्व में दीपावली पर सफाई कर्मियों का सम्मान समारोह आयोजित हुआ। विभाग प्रचारक मनोज भाई और सफाई निरीक्षक मनोज श्रीवास्तव रहे मौजूद।
सुल्तान आब्दी
झांसी, उत्तर प्रदेश। दीपावली के पावन पर्व पर स्वच्छता कर्मियों के अथक परिश्रम और सेवा भावना को सम्मान देने के उद्देश्य से पार्षद सुनील नैनवानी के नेतृत्व में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान वार्ड के सफाई कर्मचारियों को सम्मानित कर उन्हें मिष्ठान वितरित किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक मनोज भाई साहब मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके साथ ही सफाई निरीक्षक मनोज श्रीवास्तव, सफाई हवलदार धीरज और वार्ड के समस्त सफाई कर्मचारी भी मौजूद रहे।
समारोह के दौरान पार्षद सुनील नैनवानी ने सफाई कर्मियों का सम्मान करते हुए कहा कि स्वच्छता कर्मियों का शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान है। वे प्रतिदिन पूरी मेहनत और लगन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। त्योहारों के अवसर पर भी उनकी सेवाएं लगातार जारी रहती हैं।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों का सम्मान करना उनके अथक परिश्रम, समर्पण और सेवा भावना के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है। समाज में स्वच्छता कर्मियों के योगदान को पहचानना और उनका उत्साहवर्धन करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भी सफाई कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कर्मचारियों को मिठाई वितरित कर उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा की गईं।
समारोह का उद्देश्य स्वच्छता कर्मियों का मनोबल बढ़ाना और समाज में उनके प्रति सम्मान एवं सकारात्मक भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
