पुलिस और दमकल की 3 गाड़ियों ने पड़ोसियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
एटा/जैथरा: जैथरा कस्बे के मैन मार्केट में शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते एक मकान लपटों और धुएं से घिर गया। घर में मौजूद गृह स्वामी की पत्नी आग में फंस गई। बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रितेश ठाकुर पुलिस टीम के साथ घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। हालात बेकाबू देख थानाध्यक्ष ने बिना देर किए मोर्चा संभाला। मुख्य दरवाजे से अंदर जाना मुमकिन नहीं था। इस पर थानाध्यक्ष रितेश ठाकुर खुद दूसरे घर की छत के रास्ते आग की लपटों में घिरे मकान में दाखिल हुए। इस दौरान वो खुद झुलस गए। जान पर खेलकर उन्होंने अपने जांबाज सिपाही गौरव चौधरी और रॉबिन शर्मा की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस की इस सूझबूझ से महिला की जान बच गई।
आग की भयावहता को देखते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। आग पर काबू पाने के लिए 3 दमकल की गाड़ियां मौके पर लगाई गईं। पुलिस और दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग नहीं बुझती तो आसपास की दुकानों तक लपटें पहुंच सकती थीं।
जैथरा पुलिस के इस साहसिक काम की हर तरफ चर्चा है। पीड़ित परिवार ने कहा कि पुलिस हमारे लिए देवदूत बनकर आई। लोगों का कहना है कि थानाध्यक्ष और सिपाहियों ने मानवता की मिसाल पेश की है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। बाजार में अब हालात सामान्य हैं।
