Agra News: ब्राह्मण समाज और महिलाओं पर विवादित टिप्पणी को लेकर अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद ने नेहा बोरा पर FIR और वीडियो की फॉरेंसिक जांच की मांग की है।
Agra News Today: ब्राह्मण समाज और महिलाओं पर की गई कथित विवादित टिप्पणी के खिलाफ अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद ने कड़ा रुख अपनाया है। शुक्रवार को परिषद के पदाधिकारियों ने आगरा के पुलिस आयुक्त (Police Commissioner) को संबोधित एक ज्ञापन सौंपकर आरोपी नेहा बोरा के खिलाफ तत्काल एफआईआर (FIR) दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
टिप्पणी से समाज में आक्रोश, FIR और फॉरेंसिक जांच की मांग
अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद के जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र कुमार शर्मा ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में नेहा बोरा द्वारा ब्राह्मण समाज, महिलाओं और धार्मिक परंपराओं को लेकर आपत्तिजनक व भड़काऊ टिप्पणियां की गई हैं। इससे पूरे समाज में गहरा रोष और आक्रोश व्याप्त है।
ज्ञापन के माध्यम से परिषद ने मांग उठाई है कि:
-
भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 के तहत मामले में तुरंत मुकदमा दर्ज किया जाए।
-
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और सभी डिजिटल साक्ष्यों की निष्पक्ष फॉरेंसिक जांच कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
ज्ञापन देने के दौरान प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद
पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौंपने के दौरान अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश चंद शर्मा, पारस शर्मा और संजय चंद्रशेखर भंडारी सहित कई प्रमुख सदस्य व पदाधिकारी उपस्थित रहे। परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
