29 जुलाई को पूर्णाहुति के साथ विशाल भंडारा, मुनिशानंद महाराज होंगे कथा के परीक्षित
सुमित गर्ग संवाददाता, खेरागढ़। ब्रजधाम उदासीन आश्रम, पुल वाले हनुमान मंदिर, खेरागढ़ में 20 से 29 जुलाई तक गुरु पूर्णिमा महोत्सव एवं श्रीराम कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन होगा। नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन श्रीराम कथा के साथ धार्मिक अनुष्ठान होंगे। आयोजन को लेकर आश्रम परिसर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
ब्रजधाम उदासीन आश्रम के महंत प्रकाशानंद महाराज ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 20 जुलाई को सुबह आठ बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं और युवतियां सिर पर कलश लेकर नगर भ्रमण करेंगी। इसके बाद 20 से 28 जुलाई तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक श्रीराम कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन होगा।
उन्होंने बताया कि कथा का वाचन ऋषि कृष्ण महाराज करेंगे, जबकि कथा के परीक्षित पूज्य मुनिशानंद महाराज रहेंगे। कथा के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, धर्म, मर्यादा और सनातन संस्कृति के मूल्यों का वर्णन किया जाएगा। आयोजन के दौरान संत-महात्माओं का सान्निध्य, भजन-कीर्तन एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम भी होंगे।
महंत प्रकाशानंद महाराज ने बताया कि 29 जुलाई को दोपहर 12 बजे यज्ञ की पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें खेरागढ़ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीराम कथा का श्रवण करने, गुरु पूर्णिमा महोत्सव में सहभागिता निभाने तथा विशाल भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की। आयोजन समिति ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग, पेयजल, बैठक व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
