सुमित गर्ग संवाददाता,
खेरागढ़ (आगरा)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विकासखंड खेरागढ़ में पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त भारत के संकल्प को लेकर एक अनूठी जागरूकता यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतीकात्मक रूप से पॉलीथीन की शवयात्रा निकालकर लोगों को प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में खेरागढ़ विधायक भगवान सिंह कुशवाहा ने विकासखंड कार्यालय परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद आयोजित जागरूकता यात्रा में सहभागिता करते हुए लोगों से प्लास्टिक एवं पॉलीथीन का उपयोग कम करने का आह्वान किया।
विधायक भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि पॉलीथीन न केवल पर्यावरण के लिए घातक है, बल्कि यह पशुओं, उपजाऊ भूमि और मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक कचरे का उचित निस्तारण करने तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर उनका संरक्षण करने की अपील की।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी श्रीमती सुष्मिता यादव, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि खेरागढ़, प्रधान बीसलपुर हाकिम सिंह, प्रधान खानपुर गोविंद राजपूत, प्रधान भिलावली त्रिलोक चंद, सरपंच सोबरन सिंह कुशवाहा, जेई अनिल आर्या सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्रीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जागरूकता यात्रा के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि पॉलीथीन को इधर-उधर न फेंकें, बल्कि निर्धारित स्थान पर ही निस्तारित करें, ताकि पर्यावरण, पशुधन और कृषि भूमि को सुरक्षित रखा जा सके।
