सुमित गर्ग संवाददाता,
खेरागढ़। कस्बा खेरागढ़ स्थित फूलवती इंटर कॉलेज में मंगलवार को भाजपा जिलाउपाध्यक्ष राजकुमार कुशवाहा के निर्देशन एवं नगर मंडल अध्यक्ष कपिल जिंदल की अध्यक्षता में भाजपा नगर मंडल की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक के उपरांत भाजपा के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

बैठक का शुभारंभ जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

बैठक में संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा ‘सरल ऐप’ एवं डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाउपाध्यक्ष राजकुमार कुशवाहा ने डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म की जानकारी देते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को परीक्षा के संबंध में जानकारी देकर उन्हें इसमें शामिल कराया जाए तथा सभी के प्रमाणपत्र डाउनलोड कराए जाएं। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनने एवं उसकी जानकारी सरल ऐप पर अपलोड कराने के निर्देश भी दिए।

जिलाउपाध्यक्ष ने कहा कि सभी शक्ति केंद्रों को और अधिक सक्रिय बनाते हुए नए कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग कर पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का भी आग्रह किया।
उन्होंने बूथ अध्यक्षों को मतदाता सूची उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक बूथ पर पन्ना प्रमुखों का गठन शीघ्र पूरा करने पर बल दिया।

बैठक में महामंत्री कल्याण सिंह राजपूत, युवा मोर्चा अध्यक्ष अरविन्द सिकरवार, रक्षपाल सिंह,किसान मोर्चा अध्यक्ष देवेंद्र सिकरवार, मंत्री जितेंद्र राजपूत, विजय ओझा, डम्बर सिंह, धर्मेंद्र वैष्णव, सुमित प्रजापति, बौना मिस्त्री, संदीप त्यागी, प्रभात कुमार जिंदल सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
