चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू और कृष्णा गर्ग की पहल पर दो स्थानों पर हुए सौभाग्य श्रृंगार कार्यक्रम, महिलाओं ने की आयोजन की सराहना
खेरागढ़। करवाचौथ के पर्व पर सुहागिन महिलाओं के चेहरे पर मुस्कान बिखेरने के उद्देश्य से सैंया और जगनेर में सौभाग्य श्रृंगार कार्यक्रम आयोजित किए गए। चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू और उनकी धर्मपत्नी कृष्णा गर्ग की पहल पर आयोजित दोनों कार्यक्रमों में महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। आयोजकों के अनुसार, दोनों स्थानों पर करीब 15 हजार महिलाओं को श्रृंगार किट वितरित की गईं।
सैंया स्थित संकल्प मैरिज होम में आयोजित कार्यक्रम में करीब 10 हजार महिलाओं ने सहभागिता की, जबकि जगनेर के श्रीराम गार्डन में हुए कार्यक्रम में लगभग पांच हजार महिलाएं पहुंचीं। श्रृंगार किट पाकर महिलाओं के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। कई महिलाओं ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि करवाचौथ के अवसर पर इस तरह का कार्यक्रम उनके लिए खास अनुभव है। महिलाओं ने चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू और कृष्णा गर्ग का आभार व्यक्त किया।
आयोजकों ने कहा कि करवाचौथ केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास और समर्पण का प्रतीक है। ऐसे अवसर पर महिलाओं के साथ खुशियां साझा करना और उनके चेहरे पर मुस्कान लाना ही कार्यक्रम का उद्देश्य है।
खेरागढ़ में कल होगा मुख्य आयोजन
सौभाग्य श्रृंगार कार्यक्रमों की इसी कड़ी में कल बुधवार, 28 अक्टूबर को खेरागढ़ स्थित देवी जी माता मंदिर में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें भाजपा की प्रदेश महामंत्री एवं ब्रज क्षेत्र प्रभारी गीता शाक्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम में महिलाओं के लिए श्रृंगार किट वितरण के साथ मेहंदी संगम भी आयोजित किया जाएगा।
