झाँसी उत्तर प्रदेश
सुल्तान आब्दी
11 दिसंबर तक एसआईआर गणना करना फार्म भरवाएं – डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य
: विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं विस्तार को लेकर आज सर्किट हाउस के सामने स्थित प्रांगण में कोर टीम के साथ एक महत्त्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह ने की।
बैठक में पार्टी पदाधिकारी, विभिन्न मंडलों और सेक्टरों के जिम्मेदार कार्यकर्ता, स्थानीय पार्षद, वार्ड प्रतिनिधि, BLA 2 तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री ने दिया स्पष्ट लक्ष्य — 11 दिसंबर तक SIR गणना फार्म जमा कराएं
उप मुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि विशेष पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को मतदाता सूची में शामिल करना है, ताकि लोकतंत्र की मूल भावना और अधिक सशक्त हो सके।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और BLA 2 से कहा 11 दिसंबर 2025 तक हर क्षेत्र में घर-घर जाकर SIR गणना फार्म को भरवाया जाए।
किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटने न पाए, इसके लिए टीम स्तर पर समन्वय बढ़ाया जाए।
नए युवा मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष जोर
मौर्य ने कहा कि आगामी विशेष अभियान में 18 वर्ष से अधिक आयु के नए युवाओं को प्राथमिकता के साथ जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि—
युवा मतदाता लोकतंत्र की शक्ति हैं,
इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में नए युवाओं के फॉर्म भरवाकर उन्हें वोटर सूची में अवश्य शामिल कराएं।
स्नातक मतदाता सूची के पुनरीक्षण की अंतिम तिथि 16 दिसंबर
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में चल रहे स्नातक मतदाता पुनरीक्षण अभियान की अंतिम तिथि 16 दिसंबर 2025 निर्धारित है।
उन्होंने जिम्मेदार पदाधिकारियों से कहा कि—
सभी पात्र स्नातक मतदाताओं के आवेदन समय से एकत्रित कर निर्धारित तिथि से पहले जमा किए जाएँ।
जिन स्नातक मतदाताओं के नाम अब तक सूची में शामिल नहीं हुए हैं, उनसे संपर्क कर उन्हें पंजीकरण हेतु प्रेरित किया जाए।
संगठन और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता*
बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विशेष अभियान जनता के लिए है, इसलिए BLA 2 और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच लगातार संवाद और तालमेल जरूरी है। उन्होंने सभी से यह भी आग्रह किया कि किसी भी प्रकार की शिकायत, तकनीकी समस्या या जमीनी कठिनाई तुरंत जिला प्रशासन और प्रभारी अधिकारियों तक पहुँचाई जाए, ताकि समाधान समय रहते हो सके।
कार्यकर्ताओं ने भी अपने सुझाव दिए
बैठक के दौरान विभिन्न कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति रखी। उन्होंने बूथ स्तर पर आवश्यक संसाधन, बीएलए 2 के सहयोग तथा जागरूकता अभियान को और मजबूत करने से जुड़े सुझाव दिए। उप मुख्यमंत्री ने सभी सुझावों की सराहना की और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर शिक्षक विधायक बाबूलाल तिवारी, गरौठा विधायक जवाहर राजपूत, बबीना विधायक राजीव सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री भानु प्रताप वर्मा, क्षेत्रीय महामंत्री भाजपा रामकिशोर साहू, दर्जाप्राप्त राज्यमंत्री जमुना कुशवाहा, पूर्व महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा, एमएलसी रमा निरंजन, गौसेवा आयोग अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अशोक राजपूत, संजीव श्रृंगीऋषि एवं समस्त पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
आभार झांसी जिले के जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल ने सभी का आभार व्यक्त किया। विभाग संयोजक मीडिया देवेंद्र दुबे ने कार्यक्रम समापन कराया।
