फिरोजाबाद के जसराना में कोल्ड के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 20 वर्षीय सचिन कुमार की मौत हो गई। दूसरा बाइक सवार गंभीर घायल है।
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के जसराना थाना क्षेत्र में सोमवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में 20 वर्षीय युवक सचिन कुमार की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सचिन को मृत घोषित कर दिया। घायल युवक का उपचार जारी है।
बहन को छोड़कर घर लौट रहा था सचिन
जानकारी के मुताबिक, गांव प्राणपुर निवासी सचिन कुमार (20) अपनी बहन रजनी को जसराना छोड़ने आया था। रजनी की ससुराल नसीरपुर में है। बहन को छोड़ने के बाद सचिन बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान जसराना क्षेत्र में कोल्ड के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक पर सवार सोनू यादव निवासी पिलख्तर, थाना फरिहा भी गंभीर रूप से घायल हुआ।
अस्पताल में सचिन को मृत घोषित किया
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच के बाद सचिन को मृत घोषित कर दिया। सोनू यादव का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हादसे की खबर मिलते ही सचिन के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था सचिन
सचिन कुमार मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। इसके साथ ही वह बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र भी था। वह दो भाइयों और पांच बहनों में चौथे नंबर पर था। कम उम्र में उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
गलत साइड से बाइक आने का आरोप
मृतक के चाचा उदयवीर ने आरोप लगाया कि शिकोहाबाद की तरफ से आ रहा बाइक सवार गलत साइड पर था। इसी वजह से दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
सीओ जसराना प्रेमप्रकाश पांडेय ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
