अजीत नगर तिरंगा चौक पर यातायात जागरूकता अभियान, सड़क सुरक्षा का दिया संदेश
आगरा। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से अजीत नगर तिरंगा चौक स्थित खेरिया मोड़ चौराहे पर हेलमेट वितरण एवं यातायात जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद राजकुमार चाहर ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए और उन्हें सड़क पर सुरक्षित चलने का संदेश दिया।
अभियान के दौरान आयोजकों ने लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट को अपनी आदत बनाएं। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सुरक्षा के लिए हेलमेट बेहद जरूरी है। यातायात नियमों का पालन कर न केवल अपनी, बल्कि दूसरों की जिंदगी भी सुरक्षित रखी जा सकती है।
बाजार कमेटियों और सामाजिक संस्था की संयुक्त पहल
हेलमेट वितरण एवं जागरूकता अभियान का आयोजन अजीत नगर बाजार कमेटी, सराय बाजार ख्वाजा कमेटी, अर्जुन नगर क्षेत्र बाजार कमेटी और संयुक्त संकल्प वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम में डीसीपी, एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक, टीआई राजेंद्र त्यागी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने यातायात नियमों के पालन और हेलमेट पहनने के महत्व पर जोर दिया।
“सिर पर हेलमेट, तो जान रहेगी सलामत”
अभियान के माध्यम से दोपहिया वाहन चालकों को यह संदेश दिया गया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आयोजकों ने लोगों से वाहन चलाते समय सावधानी बरतने, यातायात नियमों का पालन करने और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन न चलाने की अपील की।
कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जन-जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षित यातायात की संस्कृति को प्रोत्साहित करना रहा।
