महिला मोर्चा की सोशल मीडिया प्रभारी ने जैथरा थाने में दर्ज कराया मुकदमा, पुलिस जांच में जुटी
एटा/जैथरा: भगवान परशुराम जन्मोत्सव की शोभायात्रा में शामिल हुईं भाजपा महिला मोर्चा की क्षत्रिय समाज की महिला पदाधिकारी पर ब्राह्मण समाज के कुछ नेताओं ने अभद्र टिप्पणी कर दी। पीड़िता ने आरोपितों के विरुद्ध थाना जैथरा में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
भाजपा ब्रज प्रांत इकाई की महिला मोर्चा सोशल मीडिया प्रभारी नीतू चौहान का आरोप है कि 19 अप्रैल को भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर डॉ. प्रमोद मिश्रा के संरक्षण और अश्वनी पांडे के संयोजन में शोभायात्रा निकाली गई थी। कार्यक्रम को सामाजिक समरसता के रूप में मनाने का निर्णय हुआ था। आयोजकों ने सभी समाज के लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने और सहयोग की अपील की थी।
नीतू चौहान ने बताया कि उन्होंने भी क्षत्रिय समाज की ओर से शोभायात्रा में प्रतिभाग किया। आरोप है कि कुछ लोगों को उनका शोभायात्रा में शामिल होना रास नहीं आया। कुपित होकर ‘एटा ब्राह्मण समाज’ नामक व्हाट्सएप ग्रुप में उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। ग्रुप में महिला का चरित्र हनन करने का प्रयास किया गया।
महिला नेता की तहरीर पर जैथरा पुलिस ने हरेंद्र सारस्वत निवासी सिविल लाइन एटा, प्रवेश मिश्रा निवासी ग्राम तरगवां और पीयूष किशन दुबे निवासी बघौली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष रितेश ठाकुर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। व्हाट्सएप ग्रुप में की गई टिप्पणियों के स्क्रीनशॉट और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले की जांच साइबर सेल की मदद से की जाएगी। ग्रुप एडमिन और टिप्पणी करने वालों की भूमिका की जांच होगी।
इधर घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। भाजपा के स्थानीय नेताओं ने कहा कि पार्टी सभी का सम्मान करती है। सामाजिक कार्यक्रमों में जातिगत टिप्पणी करना निंदनीय है।
फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों के मोबाइल नंबर और व्हाट्सएप चैट की डिटेल निकलवानी शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
