आगरा: उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा एवं राजस्व कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने रविवार को यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और क्षेत्रीय लोगों के साथ मिलकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और बचाव के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के साथ जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी और अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार सहित जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी मौजूद थे। उन्होंने जीवनी मंडी चौराहे से कृष्णा नगर तक पैदल चलकर यमुना के बढ़ते जलस्तर का अवलोकन किया।
‘Prevention is Better than Cure’ पर जोर
मंत्री उपाध्याय ने ‘Prevention is Better than Cure’ (रोकथाम इलाज से बेहतर है) की नीति पर जोर देते हुए क्षेत्रीय नागरिकों और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय रहते सतर्कता और तैयारी से किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सकता है।
चार जोन में बांटा गया क्षेत्र, प्रभारियों की नियुक्ति
बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए, श्री उपाध्याय ने कृष्णा कॉलोनी से दरेसी तक के क्षेत्र को चार जोन में विभाजित किया। प्रत्येक जोन के लिए एक प्रभारी नियुक्त किया गया है, जिसमें दीपक खरे, अनुराग चतुर्वेदी, आदेश सिंघल और अनुज शर्मा शामिल हैं। ये प्रभारी अपनी टीम के साथ क्षेत्र की निगरानी करेंगे और किसी भी खतरे की सूचना तुरंत प्रशासन को देंगे, ताकि समय पर बचाव के उपाय किए जा सकें।
बाढ़ प्रभावितों के लिए शेल्टर होम
मंत्री ने बाढ़ प्रभावितों के लिए अस्थायी आश्रय स्थल (शेल्टर होम) बनाने का सुझाव भी दिया। उन्होंने विजय नगर कॉलोनी स्थित शादी घर, शेल्टर हाउस, अग्रसेन कॉलेज और किराना धर्मशाला जैसे स्थानों को आपदा शिविर के रूप में इस्तेमाल करने का प्रस्ताव रखा।
जन चौपाल में सुनीं समस्याएं
क्षेत्र के दौरे के बाद, मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने जीवनी मंडी में एक जन चौपाल का आयोजन किया। यहां उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के लिए निर्देशित किया। इस दौरान, उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि सरकार हरसंभव मदद के लिए उनके साथ खड़ी है।
इस मौके पर भाजपा युवा नेता डॉ. अलौकिक उपाध्याय, वरिष्ठ भाजपा नेता दीपक खरे, किशन खंडेलवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष धीरज जैन, मंडल अध्यक्ष आदेश सिंघल, सत्यप्रकाश गुप्ता, पार्षद अनुराग शर्मा, मुकेश डागौर, नितिन मुकेश, प्रकाश वशिष्ठ, संजय गुप्ता, संजय भारद्वाज सहित कई भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
मंत्री योगेंद्र उपाध्याय का दौरा,
आगरा में बाढ़ की स्थिति,
यमुना का जलस्तर आगरा,
बाढ़ संभावित क्षेत्र का निरीक्षण,
योगेंद्र उपाध्याय जीवनी मंडी,
आगरा में शेल्टर होम,
बाढ़ से बचाव के उपाय,
जिला प्रशासन आगरा,
योगेंद्र उपाध्याय जन चौपाल,
भाजपा आगरा,
