फिरोजाबाद के मक्खनपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह सड़क हादसे में आगरा के रिफाइंड कारोबारी बृजमोहन लाल गुप्ता की मौत हो गई। वह स्कूटी से शिकोहाबाद तगादा करने जा रहे थे। सिक्सलेन बाईपास पर सांती चौराहे के पास उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
फिरोजाबाद। मक्खनपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में आगरा निवासी 65 वर्षीय कारोबारी की जान चली गई। हादसा सिक्सलेन बाईपास पर सांती चौराहे के निकट हुआ, जहां उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल कारोबारी को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
शिकोहाबाद तगादा करने जा रहे थे कारोबारी
जानकारी के अनुसार, आगरा के विजय नगर निवासी बृजमोहन लाल गुप्ता (65) पुत्र रामगोपाल रिफाइंड के थोक कारोबारी थे। छत्ता बाजार में उनकी ब्रजमोहन लाल गुप्ता ट्रेडर्स के नाम से फर्म है।
सोमवार सुबह करीब नौ बजे वह अपनी स्कूटी से शिकोहाबाद में कारोबार के सिलसिले में तगादा करने जा रहे थे। इसी दौरान सिक्सलेन बाईपास पर सांती चौराहे के पास अचानक उनकी स्कूटी अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई।
सिर में गंभीर चोट लगने से गई जान
टक्कर इतनी गंभीर थी कि बृजमोहन लाल गुप्ता के सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कारोबारी को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर लेकर गई।
हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गए कारोबारी
बृजमोहन लाल गुप्ता की मौत की खबर मिलते ही उनके पुत्र सुमित कुमार गुप्ता और अमित कुमार गुप्ता सहित परिवार के अन्य सदस्य पोस्टमार्टम गृह पहुंच गए। कारोबारी की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वह अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
थाना प्रभारी चमन शर्मा ने बताया कि स्कूटी डिवाइडर से टकराने के कारण हादसा हुआ। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की है।
