बाएं हाथ पर कटे निशान से हुई पहचान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
अग्र भारत संवाददाता, शैलेश गौतम,अछनेरा। थाना क्षेत्र के गांव व्यारा में पूर्व प्रधान अयूब के खेत के पास स्थित कुएं में सोमवार को एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। बाद में परिजनों ने मृतक की पहचान गांव निवासी सचिन उर्फ भोला (38) पुत्र दशरथ नंदन शर्मा के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, सचिन पिछले करीब दो दिनों से लापता था। कुएं से निकाले जाने के बाद शव फूल जाने के कारण पहचान करने में परेशानी हुई। इसके बाद मृतक के बाएं हाथ के पंजे पर पहले से मौजूद कटे हुए निशान के आधार पर उसकी पहचान की गई। मौके पर पहुंचे मृतक के भाई रामेश्वर शर्मा ने शव की शिनाख्त की।पुलिस ने घटनास्थल पर जांच के लिए फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड को बुलाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा भेजने के साथ पंचायतनामा की कार्रवाई की कार्यवाही की गई है। थानाध्यक्ष कुलदीप कुमार ने बताया कि युवक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट होगा। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
