फतेहपुर सीकरी। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में नगर क्षेत्र में अंतिम संस्कार होने पर पालिका की ओर से सूचना रसीद जारी किए जाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। पालिका अध्यक्ष शबनम मोहम्मद इस्लाम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया को आसान बनाने के उद्देश्य से इस व्यवस्था पर विचार किया गया। इसके साथ ही मोक्षधाम में अंतिम संस्कार के लिए आवश्यक सामग्री लागत मूल्य पर उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।
मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने में मिलेगी सहूलियत
बैठक में चर्चा की गई कि नगर पालिका क्षेत्र में किसी व्यक्ति का अंतिम संस्कार होने पर पालिका की ओर से सूचना रसीद काटी जाए। इससे मृतक के परिजनों को मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने में सुविधा मिल सकेगी। इस व्यवस्था के जरिए अंतिम संस्कार से संबंधित सूचना का पालिका स्तर पर रिकॉर्ड रखने में भी मदद मिल सकती है।
मोक्षधाम में लागत मूल्य पर मिलेगी सामग्री
बोर्ड बैठक में मोक्षधाम में अंतिम संस्कार के लिए जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने के विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया। प्रस्ताव के तहत सामग्री लागत मूल्य पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर चर्चा हुई, ताकि मृतक के परिजनों को आवश्यक सामग्री आसानी से मिल सके।
सफाई और पेयजल व्यवस्था पर भी चर्चा
बैठक के दौरान नगर की सफाई व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। नगर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़े विषय बैठक में उठाए गए।
ये रहे मौजूद
बैठक में पालिका अध्यक्ष शबनम मोहम्मद इस्लाम, अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र प्रताप सिंह, सभासद नौ निहाल सिंह, सईद अहमद, विनोद सांमरिया, मनीष बंसल, लोकन राजपूत और शकील उस्मानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
