एटा। प्रदेश सरकार माफियाओं और भू-माफियाओं पर लगातार शिकंजा कस रही है, लेकिन जनपद के निधौली कलां कस्बे में एक पूर्व चेयरमैन पर ही अवैध कब्जे के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ितों का आरोप है कि पूर्व चेयरमैन देवलाल लोधी ने उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की और विरोध करने पर लाइसेंसी रिवॉल्वर दिखाकर धमकाया।
पीड़ितों ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार
निधौली कलां निवासी सम्यक जैन और फिरोजाबाद निवासी शैलेंद्र जैन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह को लिखित शिकायत देकर न्याय की मांग की है। उनका कहना है कि गाटा संख्या-281 स पर उनका स्वामित्व है, लेकिन पूर्व चेयरमैन अपनी राजनीतिक पहुंच का फायदा उठाकर जबरन इस जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं।
पूर्व में भी लगे हैं कब्जे के आरोप
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पूर्व चेयरमैन देवलाल लोधी पहले भी कस्बे में कई बहुमूल्य संपत्तियों पर अवैध कब्जा कर चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक रसूख के चलते प्रशासन भी उनके खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पा रहा है।
पूर्व चेयरमैन का पक्ष
अवैध कब्जे के आरोपों को दरकिनार करते हुए पूर्व चेयरमैन देवलाल लोधी ने बताया राजनैतिक विरोधियों की वजह से बदनाम करने की साजिश की जा रही है। अवैध रूप से कब्जा करने के आरोप बेबुनियाद हैं, मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
प्रशासन की भूमिका पर उठे सवाल
प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में माफिया राज के खिलाफ लगातार कार्रवाई हो रही है। ऐसे में यदि किसी प्रभावशाली व्यक्ति द्वारा इस तरह की हरकत की जाती है और प्रशासन चुप रहता है, तो यह कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
पीड़ितों ने मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। अब यह देखना होगा कि पुलिस और प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।
