उत्तर भारत के कई राज्य अभी भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे हैं। दक्षिण भारत में मानसून के आगमन से कुछ राहत मिली है। शनिवार को दिल्ली, गाजियाबाद और गुरुग्राम में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश हुई।
छह राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी:
मौसम विभाग ने रविवार 2 जून को पश्चिम बंगाल, केरल, अरुणाचल प्रदेश, असम, सिक्किम और मेघालय में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा में भी 2 जून को भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लक्षद्वीप की ओर बढ़ने से अगले दो दिनों में केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भी बारिश हो सकती है।
अगले कुछ दिनों में बारिश:
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 8 जून तक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और त्रिपुरा में हल्की बारिश, बिजली और तेज हवाएं चल सकती हैं।
बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और गोवा में 6 जून तक और महाराष्ट्र में 5 जून तक बारिश की संभावना है।
इन राज्यों में लू का प्रकोप:
हालांकि, कुछ राज्यों में गर्मी से अभी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा में लू चलने की संभावना है। 2 जून को हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और ओडिशा में लू चल सकती है। 3 जून तक उत्तराखंड और झारखंड में भी लू का प्रकोप जारी रह सकता है।
राजस्थान में 4 और 5 जून को लू चलने की संभावना है।
