जैथरा,एटा। थाना जैथरा में पति-पत्नी के बीच चल रहे घरेलू विवाद का पुलिस ने काउंसलिंग के जरिए समाधान करा दिया। महिला डेस्क पर आई शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया और समझाइश देकर पारिवारिक रिश्ते को टूटने से बचा लिया।
महिला डेस्क प्रभारी रमेश चंद्र जोगिया ने बताया कि थाना क्षेत्र के गांव जखा निवासी महिला लक्ष्मी ने अपने पति अर्जुन पर मारपीट और प्रताड़ना करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का कहना था कि घरेलू विवाद के चलते उसका साथ रहना मुश्किल हो गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पति अर्जुन को थाने बुलाया।
थाने पर दोनों की अलग-अलग और फिर संयुक्त काउंसलिंग कराई गई। इस दौरान पति को घरेलू हिंसा से जुड़े कानून, इसके दुष्परिणाम और परिवार पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस ने यह भी समझाया कि आपसी विवादों का समाधान संवाद और संयम से किया जा सकता है, न कि हिंसा के जरिए।
थाना अध्यक्ष रितेश ठाकुर ने बताया कि पति-पत्नी से जुड़े मामलों में थाना स्तर पर काउंसलिंग कर रिश्तों को बचाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि परिवारों को टूटने से बचाना और समाज में सकारात्मक माहौल बनाए रखना भी है।
पुलिस की समझाइश और काउंसलिंग का दोनों पर सकारात्मक असर दिखा। पति अर्जुन ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसा व्यवहार न करने का आश्वासन दिया, जबकि पत्नी लक्ष्मी भी आपसी सहमति से पति के साथ रहने को राजी हो गई। काउंसलिंग के बाद दोनों दंपत्ति संतुष्ट नजर आए और खुशी-खुशी अपने घर लौट गए।
