बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट उपचुनाव में भाजपा की हार पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे सुरक्षित सीटों पर भी अब हार हो रही है, यह बदलाव की शुरुआत है।
लखनऊ। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट उपचुनाव में भाजपा की हार को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा की हार को लेकर बयान जारी करते हुए कहा कि जनता ने अहंकार का जवाब दिया है।
अखिलेश यादव ने कहा, “भगवान को नचाने का अहंकार रखने वालों को भगवान ने ही नचा दिया। अपने को भगवान से ऊपर समझने वालों को भगवान ने चलती गाड़ी से नीचे उतार दिया है।”
भाजपा पर साधा निशाना
सपा प्रमुख ने कहा कि इस हार के बाद उत्तर प्रदेश में वे लोग भी खुश हैं, जिन्हें पीडीए समाज से होने के कारण राष्ट्रीय स्तर का पद नहीं दिया गया और उन्हें राज्य स्तर तक सीमित रखा गया।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब लोग पूछ रहे हैं कि “पांच बड़ा है या सात।”
बोले- यह डबल इंजन की डबल हार
अखिलेश यादव ने कहा कि जनता के बीच यह चर्चा है कि जब राष्ट्रीय अध्यक्ष विधानसभा चुनाव नहीं जिता पाए तो राज्य अध्यक्ष विधानसभा चुनाव कैसे लड़वा पाएंगे।
उन्होंने भाजपा की हार को “डबल इंजन की डबल हार” बताते हुए कहा कि यह परिणाम युवाओं की एकता और उनके अभिभावकों के आक्रोश का संयुक्त परिणाम है।
भाजपा पर लगाए कई आरोप
सपा अध्यक्ष ने भाजपा पर कई मुद्दों को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता ने वोट चोरी, पेपर चोरी, चंदा और भ्रष्टाचार, नौकरी की समस्या, आरक्षण से जुड़े मुद्दे, महंगाई और पीडीए समाज के साथ कथित अन्याय जैसे विषयों को लेकर अपना जवाब दिया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता के विश्वास और आस्था को भी प्रभावित किया है, जिसका असर चुनाव परिणामों में दिखाई दे रहा है।
इस्तीफे को लेकर भी किया कटाक्ष
अखिलेश यादव ने कहा कि अब भाजपा के अंदर भी कुछ लोगों के इस्तीफे की मांग उठ सकती है। उन्होंने सवाल किया कि जो लोग अपनी ही विधानसभा नहीं बचा पाए, उनके भरोसे आगे की राजनीतिक लड़ाई कैसे लड़ी जाएगी।
उन्होंने कहा कि अब यह कहना भी मुश्किल होगा कि भाजपा में इस्तीफे नहीं होते।
‘भाजपा की हार मतलब बदलाव की शुरुआत’
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा की हार बदलाव की शुरुआत का संकेत है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की सबसे सुरक्षित और परंपरागत सीटें भी अब उसे हार से नहीं बचा पाएंगी।
उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव के लिए तैयार है और आने वाले चुनावों में इसका असर देखने को मिलेगा।
