Jhansi News Today: झांसी पुरानी तहसील में जमीन रजिस्ट्री के विवाद में दो पक्षों में मारपीट। CO City Priya Singh ने वायरल वीडियो के आधार पर जाँच शुरू की।
सुल्तान आब्दी
Jhansi Old Tehsil Violence News: उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित पुरानी तहसील परिसर में जमीन की रजिस्ट्री (बैनामा) कराने आए दो पक्षों के बीच अचानक खूनी संघर्ष हो गया। अधिवक्ताओं और फरियादियों की मौजूदगी में उप-निबंधक (सब-रजिस्ट्रार) कार्यालय के बाहर दोनों गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि लात-घूंसे और लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दिनदहाड़े हुई इस मारपीट का लाइव वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पैसों के लेनदेन और जमीन सौदे को लेकर हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्ष किसी जमीन के सौदे और उसके कागजात तैयार करवाकर रजिस्ट्री कराने तहसील पहुंचे थे। उप-निबंधक कार्यालय के बाहर किसी बात या पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई।
देखते ही देखते नोकझोंक ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्ष गाली-गलौज करते हुए हाथापाई पर उतर आए। काफी देर तक तहसील परिसर अखाड़ा बना रहा, जहाँ मारपीट के दौरान फरियादी और अधिवक्ता अपनी जान बचाकर भागते नजर आए। इस हिंसक झड़प में दोनों तरफ से कुछ लोगों को चोटें आने की सूचना है।
पुलिस ने शुरू की जाँच, वायरल वीडियो से हो रही आरोपियों की पहचान
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची, लेकिन पुलिस के आने से पहले ही अधिकांश उपद्रवी वहाँ से भागने में सफल रहे।
मामले में जानकारी देते हुए सीओ सिटी प्रिया सिंह ने बताया कि:
“सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस ने जाँच शुरू कर दी है। वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रव करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। दोनों पक्षों से तहरीर (शिकायत) प्राप्त कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

