पीड़िता ने पुलिस में तहरीर देने के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर लगाई थी न्याय की गुहार
पीतम शर्मा अग्र भारत संवाददाता
आगरा।गिरवी रखे आभूषण लौटाने को कहा तो महिला का शारीरिक शोषण किया गया। महिला की शिकायत पर सिकंदरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला सिकंदरा के रुनकता का है। कस्बा निवासी महिला ने पुलिस में की गई शिकायत में कहा है कि उन्होंने कस्बा निवासी सूरजभान से आभूषण गिरवी रखकर पैसे उधार लिए थे। कुछ समय बाद जब वह पैसे लेकर अपने आभूषण वापस लेने पहुंची तो वह व्यक्ति बहाने बनाने लगा। इसी बीच उस व्यक्ति का महिला के घर आना-जाना हो गया। महिला का आरोप है कि इसी दौरान सूरजभान ने कई बार उसका शारीरिक शोषण किया। काफी दिन बीत जाने के बाद भी आभूषण वापस नहीं किए तो महिला ने सिकंदरा थाने में सूरजभान के खिलाफ तहरीर दी थी। कार्यवाही न होने पर महिला ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल किया है। मामले में चौकी प्रभारी रुनकता आशीष त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।
महिला बोली : घर में घुसकर जबरन बनाता था शारीरिक संबंध
पीड़िता ने आरोप लगाया हैं कि धमकी देकर जबरन घर आकर शारीरिक संबंध बनाता था। मना करने पर धमकी देता था।
पीड़िता ने आश्रम संचालक पर धमकाने का लगाया आरोप
पीड़िता ने वीडियो वायरल कर क्षेत्र में एक आश्रम संचालक पर धमकाने का आरोप भी लगाया है। महिला ने वायरल वीडियो में कहा है कि आश्रम संचालक झूठे मुकदमे में फ़साने और आरोप वापिस लेने का दवाब बना रहा हैं।
