पूर्व प्रधान सहित डीलर व कई फरार-
जैथरा (एटा)। ढकपुरा गांव में खेत में पानी लगाने के विवाद के बाद हुई फायरिंग के मामले में जैथरा पुलिस ने एक पुरुष और दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, गोली लगने से घायल 12 वर्षीय आशू की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका सैफई मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम करीब पांच बजे खेत में पाइप लाइन डालकर पानी लगाने को लेकर रेवती उर्फ नरेंद्र सिंह और सत्यराम पक्ष के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि उसी रात करीब 12:50 बजे आरोपित पक्ष के लोग रेवती के घर पहुंच गए और फायरिंग कर दी। उस समय रेवती का 12 वर्षीय बेटा आशू घर की छत पर सो रहा था। फायरिंग के दौरान एक गोली उसकी बाईं आंख में लग गई। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां से उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उसकी हालत अभी भी गंभीर है।
घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले और मामले में नौ नामजद और 15 -20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
तीन आरोपी गिरफ्तार,पूर्व प्रधान सहित डीलर व कई फरार-
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण में जैथरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजकुमार पुत्र बत्तीराम निवासी ढकपुरा समेत दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पूर्व प्रधान बीरपाल सिंह और राशन डीलर रघुवीर सिंह फरार बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना अध्यक्ष सुनील कुमार वर्मा, आरक्षी सत्यम, मदनपाल, हेमा और प्रदीप कुमार शामिल रहे।
थाना पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
