जिलाधिकारी ने शिकायत का संज्ञान लेकर कार्रवाई के दिए निर्देश, एसडीएम के निर्देश दिखे बेअसर
अग्र भारत संवाददाता किरावली। थाना अछनेरा क्षेत्र के गांव मंगूरा में दबंगों द्वारा सरकारी रास्ते पर नुकीली लोहे की सरिया गाड़कर अवैध ब्रेकर बनाए जाने का मामला सामने आया है। इससे ग्रामीणों के आवागमन और कृषि कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी मनीष बंसल से शिकायत कर अवैध ब्रेकर हटवाने की मांग की है। जिलाधिकारी ने शिकायत का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम मंगूरा में करीब 80 मीटर लंबा और आठ फुट चौड़ा सरकारी रास्ता है, जिसके दोनों ओर गहरी खुली नालियां हैं। इस रास्ते से ग्रामीण ट्रैक्टरों के माध्यम से कृषि यंत्रों और फसलों का आवागमन करते हैं। आरोप है कि दबंग सत्यवीर, पप्पू उर्फ योगेंद्र और दीवान पुत्रगण मानसिंह ने 31 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे बिना किसी सरकारी अनुमति के रास्ते में नुकीली लोहे की सरिया गाड़कर अवैध ब्रेकर बना दिया।ग्रामीणों ने अगले दिन विरोध जताते हुए थाना पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया, लेकिन ब्रेकर नहीं हटवाया। ग्रामीणों का कहना है कि जिलाधिकारी से पूर्व एसडीएम को भी शिकायत दी गई थी। एसडीएम ने थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए थे, इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों के अनुसार, आलू सहित अन्य फसलों से लदे ट्रैक्टरों के आवागमन के दौरान नुकीली सरिया दुर्घटना का कारण बन सकती है। इससे फसल की बुवाई और आवागमन में भी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से संबंधित थाना पुलिस को मौके पर भेजकर अवैध ब्रेकर तत्काल हटवाने और सरकारी रास्ते को सुचारु कराने की मांग की है। शिकायतकर्ताओं में धर्मेंद्र सिंह, रमेश, शंकर सिंह, शीलेन्द्र सिंह, मुनेंद्र सिंह, सौराज सिंह, शीला देवी आदि मौजूद रहे।
