झांसी, उत्तर प्रदेश (सुल्तान आब्दी): झांसी जिला अस्पताल के इमरजेंसी रूम में आज एक अप्रिय घटना सामने आई, जब एक शराबी व्यक्ति ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ पर धारदार हथियार से हमला करने की कोशिश की। यह घटना उस समय हुई जब कोतवाली थाना पुलिस एक व्यक्ति को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल लेकर आई थी।
जानकारी के अनुसार, पुलिस द्वारा लाए गए व्यक्ति ने अचानक ही इमरजेंसी रूम में रखी टेबल से डॉक्टर का एक नुकीला औजार उठा लिया और स्टाफ पर हमला करने का प्रयास करने लगा। सतर्क स्टाफ ने तुरंत उसे देख लिया, और डॉक्टर ने पीछे से युवक को पकड़ने की कोशिश की। हालांकि, आरोपी युवक ने मेडिकल स्टाफ और पुलिसकर्मियों पर भी हमला करने की धमकी देना शुरू कर दिया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। यह पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉ. शिवम कुशवाहा ने साहस दिखाते हुए किसी तरह उस व्यक्ति को काबू में किया, जो डॉक्टर का धारदार हथियार लेकर जान से मारने की धमकी दे रहा था। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के हाथ से औजार छीन लिया और उसे पकड़कर वापस कोतवाली थाने ले गई।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए डॉ. शिवम कुशवाहा ने बताया कि मेडिकल परीक्षण के लिए लाए गए व्यक्ति ने शराब पी रखी थी और उसने स्टाफ तथा उनके ऊपर हमला करने की कोशिश की। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी सुबह वापस आकर देख लेने की धमकी देकर गया है।

डॉ. शिवम कुशवाहा (इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर, झांसी) ने बताया …मेडिकल परीक्षण करने आए शख्स ने स्टाफ और हमारे ऊपर हमला करने की कोशिश की, उसने शराब पी रखी थी और सुबह देखने की धमकी देकर चला गया।”
इस घटना ने झांसी जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल परिसर में इस प्रकार की घटना चिंताजनक है और अस्पताल प्रशासन को भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उचित कदम उठाने की आवश्यकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
